रुद्रप्रयाग। सावधान! रुद्रप्रयाग में सप्लाई हो रहा पेयजल, पीने लायक नहीं है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से रुद्रप्रयाग व अगस्त्यमुनि से लिए गए पानी के चार सैंपल फैल हो गए हैं, जबकि पांच चार की गुणवत्ता बेहद खराब पाई गई है।
नगर में पुनाड़ गदेरा से सुरजीबगड़ स्रोत से पानी की सप्लाई होती है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार नगर सहित अगस्त्यमुुनि, जखोली और ऊखीमठ से दस दिन पूर्व स्रोत व मुख्य टैंक से पानी के 15 सैंपल लिए गए थे, जो वीर चंद्र सिंह गढ़वाल मेडिकल कालेज श्रीनगर की आईडीएस लैब में जांच के लिए भेजे गए। जांच के बाद लैब से 9 सैंपल की रिपोर्ट सीएमओ को मिली है, जिसमें चार सैंपल फैल हो गए और पांच की गुणवत्ता खराब मिली है। शेष छह सैंपल की रिपोर्ट बृहस्पतिवार को मिलेगी। सीएमओ डा. सरोज नैथानी ने बताया कि लोगों से पानी उबालकर पीने की अपील की गई है। डीएम मंगेश घिल्डियाल ने बताया कि विभाग को स्वच्छ पेयजल सप्लाई के लिए जरूरी निर्देश दिए गए हैं।
फिल्टर टैंक की गंदगी पर जेई का जवाब-तलब
रुद्रप्रयाग। नगर क्षेत्र को पेयजल आपूर्ति करने वाले पुनाड़ गदेरा के स्रोत पर जलसंस्थान की ओर से बनाए गए वाटर फिल्टर में गंदा पानी होने पर डीएम ने जेई व कर्मियों का जवाब-तलब किया। गंदे पानी की सप्लाई की शिकायत पर डीएम मंगेश घिल्डियाल ने जलसंस्थान के फिल्टर का निरीक्षण किया। सुरजीबगड़ में मुख्य स्रोत और फिल्टर टैंक में कूड़ा-कचरा देखकर उन्होंने जेई व कर्मियों का जवाब-तलब किया। साथ ही स्रोत व फिल्टर की सफाई के लिए नियमित कर्मचारी तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने खुले टैंक के ऊपर फैसिंग के निर्देश दिए। ईई सत्येंद्र गुप्ता ने बताया कि स्रोत पर जो पांच कूप लगाए गए हैं, जो नियमित काम नहीं कर रहे हैं। निरीक्षण में मुख्य चिकित्साधिकारी डा. सरोज नैथानी, ईओ डीएस राणा आदि शामिल थे।