अगस्त्यमुनि। विकासखंड के तलसारी गांव से एक महिला के तीन बच्चों के साथ बीते 11 सितंबर से लापता होने का मामला सामने आया है। महिला के पति ने पुलिस थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
तलसारी गांव निवासी मूक-बधिर लखपत सिंह बर्त्वाल की पत्नी सुमन देवी (30) बीते 11 सितंबर को अपने दोनों बेटों आरुष (6), आयुष (4) और जेठानी की बेटी मानसी (14) को अपने साथ लेकर गई। सुमन जेठानी के मायके में चूड़ाकर्म संस्कार के लिए जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन बीते 17 सितंबर तक भी जब वह लौटी तो सुमन का पति पोखरी (अपनी भाभी के मायके) पहुंचा। पता चला कि न वहां कोई आयोजन था और नाही सुमन और बच्चे वहां पहुंचे। इसके बाद लखपत सिंह ने अपने सगे-संबंधियों, रिश्तेदारों और अपनी ससुराल में भी संपर्क किया गया, लेकिन चारों का कोई पता नहीं चला। लखपत के बड़े भाई-भाभी की पहले ही मौत हो चुकी है। इसलिए उनकी बेटी मानसी भी उसी के साथ रहती है। शुक्रवार को लखपत सिंह अगस्त्यमुनि थाना पहुंचा और गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। थाना प्रभारी सुबोध ममगाईं ने बताया कि महिला के दोनों मोबाइल नंबर भी स्विच ऑफ हैं। गुमशुदगी के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है।