रुद्रप्रयाग। वरिष्ठ नागरिक समिति के एक दिवसीय वार्षिक अधिवेशन में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए वरिष्ठ नागरिकों ने समस्याओं पर चर्चा करते हुए निराकरण के लिए सुझाव दिए। इस मौके पर समिति द्वारा वयोवृद्ध विशेश्वर दत्त नौटियाल को 2018 का वरिष्ठ नागरिक सम्मान प्रदान किया गया। वहीं केपी ढौडियाल को लगातार तीसरी बार समिति का अध्यक्ष चुना गया।
समिति के अध्यक्ष केपी ढौडियाल ने समारोह की अध्यक्षता करते हुए कहा कि हर वरिष्ठ नागरिक की समस्या प्रमुखता से हल की जाएगी। इस मौके पर वक्ताओं ने पेयजल, बिजली, सड़क, यातायात, पेंशन, साफ-सफाई आदि विषयों से जुड़ी समस्याएं रखी। अधिवेशन में समिति की ओर से 87 वर्षीय बीडी नौटियाल को वर्ष 2018 के वरिष्ठ नागरिक सम्मान से नवाजा गया। संरक्षक चंद्रशेखर पुरोहित ने नौटियाल का माल्यार्पण किया। जबकि अध्यक्ष व अन्य ने शॉल भेंट किया। वयोवृद्ध नौटियाल ने कहा कि सेवानिवृत्त होने के 25 वर्ष बाद मिला यह सम्मान मेरे लिए विशेष है। इस मौके पर डिग्री कालेज रुद्रप्रयाग का नाम श्री 108 स्वामी सचिदानंद और जिला अस्पताल में श्री 108 स्वामी सचिदानंद का नाम सुधारे जाने का प्रस्ताव पारित किया गया। साथ ही सर्व सम्मति से पूर्व कार्यकारिणी को यथावत रखा गया। सम्मेलन में जोत सिंह बिष्ट, शम्भू प्रसाद काला, सदर सिंह रावत, कृष्णानंद डिमरी, हरि सिंह बिष्ट, एमएन पुरोहित, बचन सिंह कप्रवान, बलवीर सिंह रावत, गंगा सिंह राणा, लाखीराम डिमरी, प्रेमबल्लभ नौटियाल, अखिलानंद थपलियाल, बृजेश नैथानी, रमेश टम्टा, जर्नादन सकलानी, महिमानंद भट्ट, बचन सिंह कप्रवान, एपी नौटियाल, राजेंद्र सिंह चौहान आदि मौजूद थे।