रुद्रप्रयाग। मीजल्स-रूबेला टीकाकरण को लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से सामाजिक संगठन से जुड़े लोगों के साथ जन जागरूकता रैली निकाली गई। इस मौके पर टीके के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। टीकाकरण आज से शुरू होगा।
रविवार को विधायक भरत सिंह चौधरी, अपर जिलाधिकारी तीर्थपाल सिंह और सीएमओ डा. सरोज नैथानी की अगुवाई में रुद्रा बैंड से केदारनाथ तिराहे तक आशा, आंगनबाड़ी सहित विभिन्न सामाजिक व सांस्कृतिक संगठनों से जुड़े लोगों की ओर से जनजागरूकता रैली निकाली गई। इस दौरान नारेबाजी के साथ लोगों से अपने 9 माह से 15 वर्ष के बच्चों को मीजल्स-रूबेला टीका लगाने की अपील की गई। इसके उपरांत आयोजित गोष्ठी में विधायक चौधरी ने बच्चों का टीकाकरण अनिवार्य रूप से करने का आह्वान किया। इस मौके पर सीएमओ डा. नैथानी ने बताया कि एक माह तक चलने वाले टीकाकरण अभियान में जनपद में 52233 बच्चों का टीकाकरण किया जाना है। रैली में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. ओपी आर्य, माधो सिंह नेगी, प्रदीप बगवाड़ी, डा. डीएस रावत, डा. जीएस नेगी, हिमांशु नौडियाल सहित आशा व आंगनबाड़ी कार्यकत्री शामिल थी। ब्यूरो