रुद्रप्रयाग। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण देहरादून के निदेशक डॉ. एलएम उप्रेती ने जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग का निरीक्षण किया। साफ-सफाई सहित व्यवस्थाओं में बरती जा रही लापरवाही पर उन्होंने सीएमएस को कड़ी फटकार लगाई। निदेशक ने रुबेला कैंपेनिंग को सफल बनाने के निर्देश भी दिए।
केदारनाथ से लौटते वक्त निदेशक डॉ. उप्रेती जिला अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने ओपीडी और अन्य भर्ती मरीजों की प्रतिदिन की मॉर्निंग रिपोर्ट नहीं होने पर रोष जताया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में साफ-सफाई पर भी नाराजजी जताई। कहा कि अस्पताल प्रबंधन भोजन की गुणवत्ता की जिम्मेदारी स्वयं तय करें। उन्होंने मरीजों से बातचीत कर अस्पताल की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। डॉ. उप्रेती ने बताया कि जिला अस्पताल के लिए डिजिटल एक्स-रे मशीन का प्रस्ताव भेजा गया है। उम्मीद है कि जल्द मशीन उपलब्ध हो जाएगी। साथ ही रुद्रप्रयाग में ब्लड बैंक के संचालन को लेकर तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने सीएमएस डॉ. डीसी सेमवाल और एसीएमओ डॉ. ओपी आर्य को रूबेला टीकाकरण को जनपद में सफल बनाने के निर्देश भी दिए। इस दौरान उन्होंने अस्पताल मार्ग की मरम्मत के लिए नगर पालिका अध्यक्ष से भी फोन पर वार्ता की। निरीक्षण के दौरान डॉ. राजीव गैरोला, अन्य चिकित्सक और पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद था।