गुप्तकाशी/ऊखीमठ। भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी तीरथ सिंह रावत ने सिद्धपीठ कालीमठ में मां महाकाली की पूजा-अर्चना की आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने केदारघाटी के बाजारों में रोड शो के माध्यम से जनता का अभिवादन किया।
रविवार को प्रात: 8 बजे भाजपा प्रत्याशी तीरथ सिंह रावत कालीमठ पहुंचे। यहां आराध्य महाकाली के मंदिर में करीब एक घंटे तक पूजा-अर्चना कर उन्होंने देवी का आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद वह, गुप्तकाशी पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में रोड शो कर जनता का अभिवादन किया। यहां पर ढोल-नगाड़ों के साथ पार्टीजनों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वे गोपेश्वर के लिए रवाना हुए। इस मौके पर जिलाध्यक्ष विजय कप्रवाण, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष चंडी प्रसाद भट्ट, पूर्व दायित्वधारी दिनेश बगवाड़ी, बीसूका उपाध्यक्ष शकुंतला जगवाण, बीना बिष्ट, नगर पंचायत अध्यक्ष विजय राणा, पूर्व प्रमुख ममता नौटियाल आदि मौजूद थे। देर शाम को गोपेश्वर से पौड़ी रवाना होते हुए बच्छणस्यूं के प्रवेश द्वार खांकरा में भी भाजपाइयों ने तीरथ रावत का फूल-मालाओं के साथ भव्य स्वागत किया।