तिलवाड़ा। विधायक भरत सिंह चौधरी ने 3 किमी लंबे डडोली-डोभा मोटर मार्ग का शिलान्यास करते हुए कहा कि मार्ग बनने से जहां क्षेत्र की पांच सौ से अधिक आबादी को लाभ मिलेगा। वही, गांवों में विकास योजनाओं का क्रियान्वयन भी सही तरीके से हो पाएगा। उन्होंने ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए लाभ उठाने की अपील की। कहा कि विस रुद्रप्रयाग के प्रत्येक गांव को 2022 तक सड़क से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
सोमवार को डडोली में आयोजित समारोह में विधायक ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार जनहितों को ध्यान में रखकर कार्य कर रही हैं। जनसमस्याओं के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताते हुए उन्होंने कहा कि यातायात, स्वास्थ्य, शिक्षा, पानी जैसी सुविधाओं पर त्वरित गति से कार्य किया जा रहा है। इस मौके पर विधायक ने 1 करोड़ 10 लाख की लागत से बनने वाले 3 किमी डडोली-डोभा मोटर मार्ग का शिलान्यास करते हुए लोनिवि को समयबद्ध मानकों के तहत कार्य करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने बताया कि इस मार्ग से क्षेत्र के डोभा, चौंरा, स्यूंर, डडोली गांव को लाभ मिलेगा। साथ ही पूर्वी बांगर के गांवों के लोगों को भी अपने घरों तक पहुंचने में आसानी होगी। उन्होंने क्षेत्रीय जनता की समस्याएं सुनते हुए उनके निराकरण के लिए हरसंभव प्रयास किए जाने की बात भी कही। इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष त्रिलोक सिंह रावत, मीडिया प्रभारी ओपी बहुगुणा, जगदीश नेगी, ग्राम प्रधान मनोज नेगी, नरेंद्र पंवार सहित अन्य ग्रामीण मौजूद थे।