गुप्तकाशी। रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे सेमी गांव के समीप भूधंसाव और कीचड़ के कारण अति संवेदनशील हो गया है। यहां पर वाहनों का आवागमन में दिक्कतें हो रही हैं, जिस कारण भारी वाहनों के फंसने का खतरा भी बना हुआ है।
पूर्व ग्राम प्रधान कुंवर बर्त्वाल व मदन सिंह रावत का कहना है कि आपदा के साढ़े पांच वर्ष बाद भी प्रभावित भूधंसाव जोन का स्थायी ट्रीटमेंट नहीं किया गया है, जिस कारण स्थिति दिनोंदिन खराब हो रही है। बीते दिनों हुई बारिश के बाद से प्रभावित स्थान पर कीचड़ होने से वाहनों की आवाजाही में मुश्किल आ रही है। बीते तीन दिनों में कई भारी वाहन फंस चुके हैं, जिन्हें बमुश्किल से निकाला गया। उन्होंने एनएच निर्माण खंड लोनिवि व प्रशासन से ऑल वेदर रोड निर्माण के तहत प्रभावित क्षेत्र का स्थायी ट्रीटमेंट करने की मांग की है।