रुद्रप्रयाग। अमर उजाला अपराजिता 100 मिलियन महाभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय बालिका दिवस पर जनपद की 13 बालिकाओं को सम्मानित किया गया। 8 बालिकाएं कार्यक्रम में अलग-अलग कारणों से शामिल नहीं हो पाई, उनके पुरस्कार उनके संबंधित को भेट किए गए। पुरस्कार प्राप्त बेटियों ने अपने अनुभव भी साझा किए।
जिला सभागार में जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि होनहार बेटियों को पुरस्कृत करने से अन्य लोग भी प्रेरित होंगे। उन्होंने अमर उजाला अपराजिता महाभियान की सराहना करते हुए कहा कि जिले स्तर पर जिस तरह से अलग-अलग विषयों पर कार्यक्रम आयोजित कर अभी तक बेटियों व महिलाओं को मंच प्रदान किया गया है, वह सराहनीय है। उन्होंने कह कि बेटियों में प्रतिभा की कमी नहीं है, जरूरत है कि हम उन्हें प्रोत्साहित करें। अपर जिलाधिकारी गिरीश गुणवंत, सीएमओ डॉ. एसके झा, सीईओ सीएन काला, मुख्य कृषि अधिकारी एसएस वर्मा, जिला उद्यान अधिकारी वाईएस चौधरी, किशोर न्याय बोर्ड की रंजना गैरोला भट्ट, जिला खेल अधिकारी महेशी आर्य, रिलायंस के टीम प्रभारी प्रकाश सिंह ने कहा कि बेटियों को अवसर प्रदान कर उन्हें मंच प्रदान करने की जरूरत है। विभागीय अधिकारियों ने महिला स्वरोजगार से जुड़ी बातें भी बताई। इसके उपरांत जिलाधिकारी घिल्डियाल व अन्य अधिकारियों द्वारा बेटियों को अपराजिता सम्मान पत्र प्रदान किया गया। साथ ही प्रतीक चिन्ह और डायरी भी भेंट की गई।
ये बालिकाएं हुई सम्मानित --
प्रियंका नौटियाल, बबीता रावत, सुमन डिमरी, अमिता पंवार, पूजा नौटियाल, अंकिता ध्यानी, मनीषा, पूनम, अंजनी, किरण, सुनीता, रितिका और मनीषा।
जबकि आइशा, सोनिका, अंजू, रीना, मोनिका, प्रियंका नौटियाल, रंजना रावत और प्रियंका सेरवान कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाई।
बेटियां बोली --
हम पांच बेटियों ने मिलकर पहल का गठन किया। इसके बाद जब गांव में पहली बार कार्यक्रम किया तो, बुर्जगों ने खूब प्रोत्साहित किया। शराबबंदी, दहेज, बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ सहित अन्य सामाजिक अभियानों के तहत कार्यक्रम प्रस्तुत करते हैं, हमें घर,परिवार का पूरा सहयोग मिल रहा है।
-- मनीषा, सदस्य पहल
मशरूम उत्पादन और प्रशिक्षण का यह प्रयास आगे भी जारी रहेगा। गांवों में महिलाएं और बेटियां ज्यादा से ज्यादा प्रशिक्षित हो, यही मेरा उद्देश्य है। गुलाब की खेती के साथ अन्य विषयों पर भी कार्य शुरू किया है, जिसमें स्थानीय महिलाओं को शामिल किया जाएगा।
-- प्रियंका नौटियाल