तिलवाड़ा/अगस्त्यमुनि। जखोली ब्लाक के सिलगढ़ पट्टी की आराध्य मां इंद्रासणी की डोली ने सूर्यप्रयाग संगम में स्नान किया। इस मौके पर भरी संख्या में श्रद्धालुओं व ग्रामीणों ने देव डोली के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
बैसाखी पर्व पर पारंपरिक वाद्य यंत्रों और श्रद्धालुओं के जयकारों के साथ मां इंद्रासणी की डोली सूर्यप्रयाग संगम पहुंची। यहां पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद आराध्य ने मंदाकिनी व लस्तर नदी के संगम पर स्नान किया। इसके उपरांत भक्तों के जयकारों के साथ आराध्य की डोली अपने मूल मंदिर पहुंची। यहां पर यज्ञ-हवन के साथ देव नृत्य भी हुआ, जिसमें पश्वा पर अवतरित होकर देवी ने भक्तों की कुशलक्षेम पूछी। इससे पूर्व शुक्रवार को शीशों व बंदरतोली गांव के महिला मंगल दल ने लाटा बाबा मंदिर में भजन-कीर्तन किए। यहां पर चारों पहर आराध्य की पूजा-अर्चना की गई। इस मौके पर मठापति मगनानंद भट्ट, पूर्व प्रधान चंद्र सिंह, ओपी बहुगुणा सहित जैली, कंडाली, महरगांव, सिरसोलिया, नागधार, पंद्रोला के ग्रामीण मौजूद थे। इधर, अगस्त्यमुनि में भी बैसाखी मेला की धूम रही। बाजार में भी पूरे दिन रौनक रही। इस दौरान सुरक्षा व शांति व्यवस्था के लिए पुलिस तैनात थी।