दिनभर बादलों के बीच खिली रही हल्की धूप
सुबह नौ बजे के बाद कम रही यात्रियों की भीड़
केदारनाथ में गर्भगृह से हो रहे दर्शन
फोटो
रुद्रप्रयाग। आसमान में छाए बादलों के बीच से निकलती हल्की धूप के बीच दोपहर 12 बजे तक सोनप्रयाग से 6100 श्रद्धालु केदारनाथ रवाना हुए। इसके बाद शाम पांच बजे तक उन्हीं यात्रियों को गौरीकुंड भेजा गया, जिनके वहां कमरे बुक थे। बीते एक सप्ताह से यात्रा में काफी कमी आई है।
मंगलवार को सुबह 4 बजे से सोनप्रयाग से यात्रियों को धाम भेजने की कार्रवाई शुरू की गई। प्रशासन और पुलिस द्वारा सभी औपचारिकताएं पूरी करते हुए एक्रो पुल के दूसरे छोर तक पूरी सतर्कता के साथ यात्रियों को केदारनाथ भेजा गया। सुबह 8 बजे तक 4655 यात्री धाम के लिए रवाना हो चुके थे। इसके बाद 250-250 के समूह में दोपहर 12 बजे तक कुल 6100 श्रद्धालु केदारनाथ भेजे गए। सेक्टर मजिस्ट्रेट ने बताया कि पूरे दिनभर मौसम ठीक रहा। लेकिन यात्रियों की संख्या में अब काफी कमी आ चुकी है।
उन्होंने बताया कि पिछले तीन दिनों से सुबह 9 बजे के बाद धाम जाने के लिए यात्रियों की लाइन तक नहीं लग रही है। उधर, पैदल मार्ग से केदारनाथ तक बीते दिनों की अपेक्षा कम भीड़ रही। लेकिन रौनक बनी रही। उधर, केदारनाथ में बाबा के दर्शनों के लिए भक्तों का उत्साह अपने चरम पर रहा। श्रीबदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के कार्याधिकारी रमेश चंद्र तिवारी ने बताया कि एक सप्ताह से प्रतिदिन दर्शनार्थियों की संख्या में कमी आई है। अब, सभी श्रद्धालुओं को गर्भगृह से ही दर्शन कराए जा रहे हैं।