रुद्रप्रयाग। अगस्त्यमुनि ब्लाक के राजकीय जूनियर हाईस्कूल डांगी-गुनाऊं के कक्षा 6 से 8वीं के छात्र-छात्राओं ने मंदाकिनी की आवाज सामुदायिक रेडियो स्टेशन भणज का भ्रमण किया। यहां, बच्चों ने रेडियो के बारे में जानकारी जुटाई। साथ ही गढ़वाली प्रार्थना व कविताओं की रिकार्डिंग भी की।
शैक्षिक भ्रमण के तहत छात्र-छात्राओं का दल 90.8 एफएम रेडियो स्टेशन पहुंचा। यहां स्टेशन मैनेजर मानवेंद्र सिंह नेगी और कार्यक्रम अधिकारी शिवानंद नौटियाल ने बच्चों को रेडियो के अविष्कार, उसके उपयोग और कार्यक्रम प्रसारण के बारे में बताया। पूनम रावत ने छात्र-छात्राओं ने भ्रमण के बारे में सवाल-जवाब किए। इस मौके पर छात्रा आस्था, शालिनी, आंचल, सोनम, प्रिया व कामिनी ने स्कूल में प्रतिदिन होने वाली गढ़वाली प्रार्थना को गाया, जिसे रेडियो के लिए रिकार्ड किया गया। साथ ही छात्र पवन, जतिन व प्रियांशु के भजनों की रिकार्डिंग भी हुई। इस मौके पर संकुल समन्वयक गोपाल दत्त सेमवाल, प्रधानाध्यापक हेमंत चौकियाल आदि मौजूद थे। इससे पूर्व छात्र-छात्राओं के दल ने कार्तिक स्वामी मंदिर का भ्रमण कर वहां के बारे में जानकारी प्राप्त की।