रुद्रप्रयाग। गोवा के मुख्यमंत्री व पूर्व रक्षामंत्री मनोहर परिकर के निधन पर विधायक भरत सिंह चौधरी समेत भाजपा कार्यकर्ताओं ने दुख प्रकट करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। पार्टी कार्यालय में जिलाध्यक्ष विजय कप्रवाण की अध्यक्षता में आयोजित शोकसभा में वक्ताओं ने कहा कि परिकर का निधन पूरे देश के लिए अपूर्णीय क्षति है। उन्होंने जिस तरह से सादगी में जीते हुए राजनीति में अपनी साख बनाई, वह कभी नहीं भुलाई जा सकती। विधायक चौधरी ने कहा कि देश के रक्षामंत्री रहते हुए उन्होंने वन रैंक वन पेंशन सहित कई महत्वपूर्ण कार्य किए। वे, देशवासियों के दिलों में हमेशा बने रहेंगे। इस मौके पर महामंत्री अजय सेमवाल, सुरेंद्र रावत, दिनेश बिष्ट, दिनेश रावत, नरेंद्र पंवार, हरी सिंह बिष्ट, जगमोहन रावत, हनुमंत जगवाण, धाम सिंह जगवाण सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।