रुद्रप्रयाग। बारिश से रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे कई जगहों पर अति संवेदनशील हो गया है। बांसवाड़ा में पहाड़ी से पत्थर गिरने से हाईवे 6 घंटे तक बंद रहा। डोलिया मंदिर के समीप भी दिनभर यातायात प्रभावित होता रहा।
मंगलवार तड़के से शुरू हुई बारिश के कारण हाईवे बांसवाड़ा में पहाड़ी से पत्थर व मलबा गिरने से प्रात: 7 बजे बंद हो गया था। सुरक्षा की दृष्टि से कार्यदायी संस्था, एनएच और पुलिस द्वारा मौके पर दोनों तरफ मशीनें खड़ी कर यातायात को रोक दिया गया। दोपहर तक रुक-रुककर जारी बारिश के कारण अति संवेदनशील पहाड़ी से मलबा व पत्थर गिरते रहे, जिस कारण यातायात प्रभावित रहा। करीब सवा एक बजे के बाद बारिश थमने के बाद पहाड़ी से पत्थरों के गिरने का सिलसिला रुका, जिसके बाद यातायात शुरू हो पाया। उधर, फाटा के समीप डोलिया मंदिर में भी हाईवे दिनभर बार-बार बाधित होता रहा, जिस कारण केदारघाटी के लोगों को अपने घरों तक पहुंचने में खासी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। एनएच के ईई जितेंद्र कुमार त्रिपाठी ने बताया चारधाम विकास परियोजना के तहत हाईवे चौड़ीकरण के बाद जो संवेदनशील जोन बने हैं, वह बारिश में सक्रिय हो गए हैं। सुरक्षा की दृष्टि से कार्यदायी संस्था को इन स्थानों पर यातायात संचालन में जरूरी एतियात बरतने के निर्देश दिए गए हैं।