तिलवाड़ा। जखोली ब्लाक के सुमाड़ी गांव व बाजार में कई दिनों से पेयजल किल्लत बनी है। शनिवार को गांव में पेयजल आपूर्ति का जायजा लेने पहुंचे जल संस्थान के ईई और जेई को लोगों के गुस्से का सामना करना पड़ा। पेयजल आपूर्ति न होने से नाराज ग्रामीणों ने अधिशासी अभियंता और अवर अभियंता का घेराव किया। उन्होंने कहा कि जल्द पेयजल सप्लाई बहाल नहीं होती तो कार्यालय का घेराव कर तालाबंदी की जाएगी। इस पर ईई ने जल्द क्षेत्र में सुचारु पेयजल आपूर्ति का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए।
डीएम के आदेश पर शनिवार को जल संस्थान के ईई संजय सिंह व जेई एनएस जगवाण सुमाड़ी बाजार पहुंची तो ग्रामीणों ने उनका घेराव कर दिया। ग्रामीणों ने कहा कि गांव और बाजार के लिए तीन-तीन पेयजल योजनाएं बनी हैं, लेकिन एक पर भी पर्याप्त जलापूर्ति नहीं हो रही है। लाखों रुपये खर्च करने के बाद भी विभाग के लचर प्रबंधन के चलते ये योजनाएं शोपीस साबित हो रही हैं। दूसरी तरफ सुमाड़ी सिंचाई नहर बंद होने से भी स्थिति और खराब हो गई है। काफी देर तक ग्रामीणों का गुस्सा झेलने के बाद जल संस्थान के ईई ने विश्वास दिलाया कि जल्द ही पेयजल आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी, जिस पर लोग शांत हुए। इस मौके पर महिला मंगल दल अध्यक्ष सुलोचना देवी, मनवर सिंह, सुनील नौटियाल, जगदीश प्रसाद, गिरवीर सिंह और कांति प्रसाद समेत भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।