रुद्रप्रयाग। स्वास्थ्य विभाग द्वारा राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर जिले में 1 से 19 साल आयुवर्ग के बच्चों को कृमिनाशक दवा एल्बेंडाजॉल की दवा खिलाई गई। जिले में कुल 89 फीसदी बच्चों को कृमि नाशक दवा खिलाई गई।
जिला मुख्यालय के द क्रिएटिव एकेडमी में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लाक प्रमुख जगमोहन सिंह रौथाण ने कहा कि कृमि से बच्चों में शारीरिक व बौद्धिक विकास केे बाधित होने की समस्या होती है। इसके मद्देनजर जहां स्वास्थ्य विभाग कृमि मुक्ति कार्यक्रम को संचालित कर रहा है, वहीं शिक्षकों और अभिभावकों का भी दायित्व है कि वह बच्चों में व्यक्तिगत स्वच्छता के गुण को विकसित करें। सीडीओ एनएस रावत, एसडीएम श्री देवानंद, सीएमओ डा. एसके झा ने कहा कि सेहतमंद भविष्य के लिए बच्चों को कृमि से मुक्ति दिलाना जरूरी है। बताया कि छूटे हुए बच्चों को 17 अगस्त को दवा खिलाई जाएगी। जिले में 1 से 19 वर्ष तक के 68725 लक्षित बच्चों के सापेक्ष 61165 बच्चों को एल्बेंडाजॉल की दवा खिलाई गई। इस मौके पर ज्येष्ठ प्रमुख पीएस नेगी, एसीएमओ डा. ओपी आर्य, विद्यालय की प्रबंधक श्रीमती सतेश्वरी डोभाल, प्रधानाध्यापिका पुष्पा राणा, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डा. जेएस नेगी समेत अन्य मौजूद थे।