अगस्त्यमुनि। जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने केंद्रीय विद्यालय अगस्त्यमुनि को बोर्ड परीक्षा में देहरादून संभाग में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर बधाइ दी। उन्होंने शैक्षिक माहौल को और बेहतर करने पर जोर दिया। कहा, कि विद्यालय की जो भी समस्याएं हैं, उन्हें प्राथमिकता से दूर किया जाएगा।
केवि परिसर में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम ने स्थायी परिसर निर्माण को लेकर चर्चा की। इस मौके पर प्राचार्य विजय नैथानी ने बताया कि परिसर के लिए स्यालसौड़ में जो भूमि चयनित की गई है, वह केवि के नाम हस्तांतरित हो चुकी है, लेकिन अभी कुछ दिक्कतें हैं। उन्होंने विद्यालय की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए आय-व्यय का ब्योरा भी दिया। बताया कि वर्तमान शिक्षण सत्र में 396 छात्र-छात्राएं हैं। पीजीटी में दो पद रिक्त हैं। जगह के अभाव में कक्षाओं में कुछ सीटें रिक्त चल रही हैं। बैठक में सर्व सम्मति से निर्णय लिया गया कि अस्थायी परिसर में कुछ भवनों की मरम्मत की जाएगी। डीएम ने विद्यालय को स्थलीय निरीक्षण भी किया। उन्होंने एसडीएम ऊखीमठ को वन विभाग और ऊर्जा निगम से वार्ता कर जल्द दिक्कतों को दूर करने के निर्देश दिए। बैठक में एसएमसी के सदस्य खंड शिक्षा अधिकारी केएल रडवाल, प्रधनाचार्य जेपी चमोला, डा. एमएस पंवार, संजय तिवारी, देवपवन सिंह समेत अन्य अभिभावक व विद्यालय के शिक्षक मौजूद थे।