गुप्तकाशी। ऊखीमठ विकास खंड की ग्राम पंचायत ल्वाणी के प्राथमिक स्कूल में आयोजित जनता दरबार में ग्रामीणों ने खस्ताहाल सड़कों और पेयजल योजनाओं की जानकारी अधिकारियों को दी।
ऊखीमठ के तहसीलदार जयवीर बधाणी की अध्यक्षता में आयोजित इस जनता दरबार में ग्राम प्रधान आनंद शर्मा ने सल्या-तुलंगा सड़क से 2 किमी दूर स्थित ल्वाणी तक एप्रोच रोड और सल्या-तुलंगा सड़क की जर्जर स्थिति से संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया। इसके अलावा, प्रावि ल्वाणी की जर्जर स्थिति, आंगनबाड़ी भवन बनाने और राजस्व ग्राम देवांगण में खस्ताहाल पेयजल योजनाओं से अधिकारियों को अवगत कराया गया। तहसीलदार ने ग्रामीणों को 15 दिन के भीतर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इस मौके पर क्षेत्र पंचायत सदस्य गणेश तिवारी, कलम सिंह, शांता देवी और विमल शुक्ला भी मौजूद थे।