संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ मंदिर में इस यात्रा सीजन में अब तक 16.60 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। धाम और यात्रा मार्ग पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने कैरी मी बैक अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन के अनुसार अभियान के तहत अब तक 50 टन कूड़ा केदारनाथ से नीचे लाया जा चुका है।
कचरे के संग्रहण, कूड़ा छांटना और परिवहन के लिए विभिन्न विभागों की टीमें काम कर रही हैं। नगर पंचायत भी सफाई व्यवस्था का कार्य कर रही है। अभियान में कई स्वयंसेवी संस्थाएं भी प्रशासन का सहयोग कर रही हैं। रिसाइकिल और हीलिंग हिमालयाज जैसी संस्थाएं यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ कचरा प्रबंधन में सहयोगी बने हैं। वहीं जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के तहत कार्य किया जा रहा है। उन्होंने यात्रियों से मंदिर मार्ग और अन्य तीर्थस्थलों पर कूड़ा न फैलाने, नदियों में कचरा न डालने और स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने बताया कि अभी तक केदारनाथ से 50 टन कूड़ा नीचे लाया जा चुका है।