जखोली। डीएम मंगेश घिल्डियाल ने तहसील दिवस में गैरहाजिर अफसरों से जवाब तलब किया गया। डीएम में नाराजगी जताते हुए कहा कि मामले में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मौके पर 28 शिकायतें दर्ज हुई, जिसमें 17 का निस्तारण कर दिया गया।
तहसील दिवस में फरियादी डा. गुलाब सिंह राणा ने कहा कि विगत 15 दिनों से साधन समितियों के कार्यालयों में ताले लटके हैं, जिससे स्थानीय काश्तकारों को परेशानी हो रही है। उन्होंने पालाकुराली में नवनिर्मित पशु सेवा केंद्र के बंद होने की शिकायत भी की। हयात सिंह राणा ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखोली में सांसद निधि से भेजी गई दो एंबुलेंस को अन्यत्र कार्यों के लिए भेजने की शिकायत की। मखेत के ग्रामीणों ने गांव में गंभीर पेयजल संकट और धनवीर लाल ने जाखणी-टेंडवाल मोटरमार्ग पर निर्माण शुरू नहीं होने की शिकायत की। इसी गांव की देवेश्वरी देवी ने कई बार के आवेदन के बाद भी इंदिरा आवास नहीं मिलने की शिकायत की। जबकि बमणगांव के गोविंद राम ने मयाली-ललूडी मार्ग निर्माण से नष्ट हुई कृषि भूमि का मुआवजा नहीं मिलने की बात कही। इस पर, जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को 15 दिनों में समस्याओं का स्थलीय निरीक्षण कर निस्तारण के निर्देश दिए। तहसील दिवस के अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टाल भी लगाए गए थे। इस मौके पर उप जिलाधिकारी सदर देवानंद, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. सरोज नैथानी, मुख्य कृषि अधिकारी आरबीएस रावत, तहसीलदार शालिनी मौर्य समेत विभागीय अधिकारी/कर्मचारी व ग्रामीण मौजूद थे।