रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल की अध्यक्षता में आयोजित जनता दरबार में 24 शिकायतें दर्ज हुई। मौके पर 13 का निस्तारण करते हुए डीएम ने अधिकारियों को शेष शिकायतों पर एक हफ्ते में कार्रवाई के निर्देश दिए।
ऊखीमठ ब्लाक के जामू-फाटा गांव के ग्रामीणों ने वन विभाग पर वर्ष 2015-216 में पारिश्रमिक नहीं देने और एक अप्रैल 2016 से 30 अक्तूबर 2016 का पारिश्रमिक काटने की शिकायत की। मामले में जिलाधिकारी ने संबंधित डीएफओ को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। त्यूंखर निवासी विक्रम सिंह पंवार ने गांव में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र से हटाई गई आंगनबाड़ी कार्यकत्री की पुन: तैनाती की मांग की। डीएम ने इस संबंध में सीडीओ की अध्यक्षता में जांच समिति गठन के निर्देश दिए। थापलगांव से ग्रामीणों ने गांव में विद्युतीकरण नहीं होने की शिकायत की। इस पर ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता ने बताया कि पंडित दीन दयाल उपाध्याय योजना के तहत गांव का विद्युतीकरण प्रस्तावित है। खांकरा-खेडाखाल व रूद्रप्रयाग-रैतोली मोटर मार्ग खस्ताहाल पर डीएम ने संबंधित विभाग को जरूरी कार्रवाई कर मोटरमार्ग दुरुस्त करने के निर्देश दिए। जनता दरबार में सीडीओ डीआर जोशी, डिप्टी कलक्टर देवानंद, तहसीलदार शालिनी मौर्य, तहसीलदार अबरार अहमद, श्रेष्ठ गुनसोला, एसीएमओ ओपी आर्य आदि मौजूद थे।