रुद्रपुर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के निदेशक वाईके पंत ने रविवार को रुद्रपुर में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के विभिन्न ब्लॉकों के निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को मेडिकल कॉलेज के बेस अस्पताल के भवनों का शीघ्र हस्तांतरण करने के निर्देश दिए। साथ ही 323 करोड़ रुपये की लागत बनने वाले एकेडमिक, प्रशासनिक ब्लॉक और अन्य भवनों का प्रजेंटेशन देखा।
देहरादून से पहुंचे राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के निदेशक पंत ने स्वास्थ्य विभाग की टीम और कार्यदायी संस्था कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज उत्तर प्रदेश जल निगम के अधिकारियों के साथ मेडिकल कॉलेज के निर्माणाधीन 300 बेड के अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने वार्ड ब्लॉक, किचन ब्लॉक व ओटी के शेष तीन भवनों को शीघ्र स्वास्थ्य विभाग को हस्तांतरित करने को कहा। कार्यदायी संस्था के अधिकारियों ने उन्हें बताया कि 300 बेड के अस्पताल के निर्माण के लिए अभी भी 18 करोड़ रुपये के बजट की जरूरत है।
उन्होंने कहा प्रस्तावित करीब 59 करोड़ रुपये के बजट के सापेक्ष करीब 41 करोड़ रुपये ही मिले हैं। यदि शेष बजट शीघ्र मिल जाएगा तो हस्तांतरण से पूर्व भवनों के शेष कार्य भी पूर्ण हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज के एकेडमिक ब्लॉक, प्रशासनिक ब्लॉक, हॉस्टल आदि के लिए 323 करोड़ रुपये की डीपीआर उत्तराखंड शासन को भेज दी है। बजट मिलते ही 300 बेड के अस्पताल के बाद इनका भी निर्माण शुरू हो जाएगा।
निर्माणाधीन भवनों के निरीक्षण के बाद निदेशक पंत ने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को वार्ता के लिए देहरादून बुलाया। वहीं, निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के ब्लॉकों के निरीक्षण के दौरान बिजली की फिटिंग से तार और अन्य पार्ट्स गायब मिले। इस दौरान सीएमओ डॉ. शैलजा भट्ट, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. टीडी रखोलिया, एसीएमओ डॉ. उदयशंकर, प्रबंधक अजयवीर सिंह चौहा, डॉ. यदुराज भट्ट, उत्तर प्रदेश जल निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर आरके सिंह, जेई भगवान दास आदि थे।
मेडिकल कॉलेज की जमीन में हो रही पार्किंग
रुद्रपुर। रुद्रपुर में एआरटीओ कार्यालय के सामने की भूमि और सीएमओ कार्यालय के पीछे मेडिकल कॉलेज के प्रशासनिक, एकेडमिक ब्लॉक के साथ ही छात्र-छात्राओं के लिए हॉस्टल आदि बनने हैं। लेकिन रुद्रपुर एआरटीओ कार्यालय के सामने खाली भूमि पर लंबे समय से अवैध पार्किंग हो रही हैं और प्रशासनिक अधिकारियों को इससे कोई सरोकार नहीं है।