रुद्रप्रयाग। जन अधिकार मंच ने अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दिग्धार-बड़मा में चिकित्सक की तैनाती सहित जनपद में बिजली, पानी, सड़क और संचार व्यवस्था को सुधारने की मांग की है। इस संबंध में प्रतिनिधिमंडल ने डीएम मंगेश घिल्डियाल से मुलाकात कर उन्हें मांगपत्र भी सौंपा।
मंच पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने डीएम को बताया कि वर्ष 2018 में एक चिकित्सक की एपीएचसी में तैनाती की गई थी, लेकिन कुछ दिन बाद ही उन्हें अन्यत्र अटैच कर दिया गया। तब, से यहां पहुंच रहे मरीजों को कोई लाभ नहीं मिल पा रहा हैं। उन्होंने मयाली, जखोली, तिलवाड़ा, अगस्त्यमुनि सहित जनपद के क्षेत्रों में पेयजल संकट से निजात दिलाने की मांग भी की। साथ ही यात्रा को देखते हुए बाजारों व यात्रा मार्गों पर शौचालय निर्माण की बात कही। इस मौके पर आपदा के बाद मुख्य बाजार से कलेक्ट्रेट तक संचालित उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों को पुन संचालित करने सहित अन्य मांगों का ज्ञापन भी सौंपा गया। इस पर डीएम घिल्डियाल ने संबंधित विभागों से जानकारी मांगी है। कहा कि वह अपने स्तर से मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त कर सकते हैं। इस मौके पर रमेश पहाड़ी, मोहित डिमरी आदि मौजूद रहे।