रुद्रप्रयाग। चारधाम विकास परियोजना के तहत ऋषिकेश-बदरीनाथ और रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे को आपस में लिंक करने के लिए प्रस्तावित 920 मीटर लंबी सुरंग का निर्माण किया जाना है। शनिवार को डीएम मंगेश घिल्डियाल ने सुरंग निर्माण को लेकर ग्राम पंचायत सांदर के ग्रामीणों के साथ बैठक की और आश्वस्त किया कि सुरंग निर्माण से गांव को नुकसान नहीं होगा। डीएम ने गांव को कलक्ट्रेट व तहसील कार्यालय से सड़क से जोड़ने के लिए बीआरओ व लोनिवि को निर्देश दिए।
डीएम मंगेश घिल्डियाल ने कहा कि सुरंग निर्माण से गांव की खेती, वन संपदा और जल स्रोत पर कोई असर नहीं पड़ेगा। आधुनिक तकनीक के सहयोग से भूगर्भीय सर्वेक्षण कर विशेषज्ञों की ओर से सुरंग निर्माण की संस्तुति दी गई है। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि सांदर गांव को कलेक्ट्रेट सहित तहसील कार्यालय से मोटर मार्ग से जोड़ा जाएगा। बीआरओ के कमान अधिकारी नागेंद्र कुमार ने बताया कि विभागीय स्तर पर तीन प्रस्ताव केंद्र को भेजे गए थे, जिसमें सुरंग का प्रस्ताव स्वीकृत हुआ है। बाईपास निर्माण के दूसरे चरण में सुरंग का निर्माण किया जाना है। ग्राम पंचायत सांदर की 1.080 हेक्टेयर वन पंचायत की वन भूमि से प्रस्तावित 920 मीटर भूमिगत सुरंग का निर्माण किया जाना है। बैठक में उप जिलाधिकारी सदर देवानंद, अधिशासी अभियंता इंद्रजीत बोस, रेंजर राजेंद्र सिंह, सरपंच योगंबर सिंह, ग्राम प्रधान कमला देवी, हरीश सिंह, हनुमंत सिंह आदि मौजूद थे।