रुद्रप्रयाग। जनपद के चार निकाय वार्डों में निर्वाचित अध्यक्षों ने अपने-अपने क्षेत्रों में जनसुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए धरातल पर कार्य करने की बात कही है। पात्र अभ्यर्थियों को योजनाओं का बेहतर लाभ मिले, इसके लिए हर स्तर पर नियमित मॉनीटरिंग की जाएगी।
नगर पालिका रुद्रप्रयाग में निर्वाचित पालिकाध्यक्ष गीता झिक्वांण ने बताया कि बाजार का विस्तार और व्यवस्थित यातायात के लिए छोटी-छोटी पार्किंग का निर्माण किया जाएगा। साथ ही ऑल वेदर रोड के निर्माण से प्रभावित होने वाले दुकानदारों के लिए शॉपिंग कॉम्पलेक्स बनाकर दुकानें आवंटित की जाएंगी। सफाई कर्मचारियों की समस्याओं का निस्तारण सहित वार्डों में बिजली, पानी, निकाय नाली, पैदल मार्ग, पथ प्रकाश की व्यवस्था प्राथमिकता से की जाएगी। नगर पंचायत ऊखीमठ के अध्यक्ष विजय सिंह राणा ने बताया कि नगर को पेयजल संकट से मुक्ति दिलाने के साथ ही राजीव गांधी आवास योजना में लाभार्थियों को पूरा भुगतान, टैक्सी पार्किंग निर्माण, अनुसूचित बाहुल्य क्षेत्रों में स्पेशल कंपोनेंट प्लान के तहत विकास कार्य, मंगोली गांव को मोटर मार्ग से लिंक कराना और व्यापारियों की समस्याओं का निस्तारण प्रमुखता से किया जाएगा। इधर, नगर पंचायत अगस्त्यमुनि की अध्यक्ष अरुणा बेंजवाल ने कहा कि नगर में कूड़ा निस्तारण सहित वार्डों में बिजली, पानी, निकास नाली और पैदल रास्तों का निर्माण कर प्रकाश व्यवस्था को प्राथमिकता से की जाएगी। नव गठित नगर पंचायत तिलवाड़ा की पहली अध्यक्ष निर्वाचित हुई संजू जगवाण ने कहा मुख्य बाजार में शौचालय निर्माण सहित पूरे क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं के विकास पर जोर दिया।