तिलवाड़ा। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्माणाधीन रतनगढ़-तुनेटा-भंणगा मोटरमार्ग के मलबे से भरदार पट्टी के 11 गांवों की सिंचाई गूल दो वर्ष से क्षतिग्रस्त पड़ी हैं। इस कारण काश्तकारों की सैकड़ों नाली सिंचित भूमि बंजर हो रही है। ग्रामीणों ने सड़क निर्माणदायी संस्था और संबंधित विभाग से शीघ्र नहर को दुरुस्त करने की मांग की।
जखोली ब्लाक के थापला जाखल, तुनेता, बिरावांगव, श्रीकोट, उड़ियान गांव, प्लोट कोट, तड़ियाल गांव, खतेली, लड़ियासु, लावड़ी आदि गांव के सिंचित खेतों के लिए दशकों पूर्व बनाई गई वीडियो गूल, राजगूल व मसान गूल रतनगढ़-तुनेटा-भणगा मार्ग के मलबे से क्षतिग्रस्त पड़ी हैं। दो वर्ष से इन गूल पर पानी नहीं चलने से काश्तकारों की उपजाऊ खेती बंजर हो चुकी है। काश्तकार राजेंद्र पंवार, भरत सिंह, गुलाब सिंह, बीर सिंह आदि का कहना है विभागीय अधिकारियों को कई बार अवगत कराने पर भी इसकी सुध नहीं ली जा रही है। पीएमजीएसवाई के ईई पवन कुमार ने बताया कि गूल की सफाई और मरम्मत के लिए सिंचाई विभाग की ओर से दिए गए इस्टीमेट के आधार पर धनराशि दी जा चुकी है। अब गूल की मरम्मत व सफाई का कार्य सिंचाई विभाग को करना है।