जखोली। जीआईसी कोट-बांगर में डीएम की अध्यक्षता में आयोजित जनता दरबार/बहुउद्देश्यीय शिविर में 38 शिकायतें दर्ज हुई, जिनमें 20 का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष के निस्तारण के लिए डीएम ने अधिकारियों को 15 दिन का समय दिया गया है।
शिविर में गैंठाणा गांव के विजेंद्र सिंह ने वर्ष 1999-2000 में स्वीकृत बधाणीताल-छेनागाड मोटर मार्ग के शेष 8 किमी का निर्माण नहीं होने की शिकायत की। कहा कि यह चारधाम यात्रा के वैकल्पिक मार्ग बन सकता है। कोट बांगर के उत्तम सिंह ने कहा कि जर्जर हो रहे प्राथमिक विद्यालय मल्ला सनचरी के पुनर्निर्माण की मांग की। सन बांगर के मकान सिंह ने तीन वर्ष पहले विधायक निधि के तहत निर्मित भवन का भुगतान नहीं होने की शिकायत की। शिविर में बधाणी के ग्रामीणों ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा गैंठाणा से सिरवाड़ी तक मोटरमार्ग की घोषणा की गई थी, लेकिन आज तक निर्माण शुरू नहीं हो पाया है। दर्ज शिकायतों पर डीएम ने लोनिवि, शिक्षा विभाग और अन्य अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद डीएम ने जीआईसी कोट-बांगर व हाईस्कूल लिस्वाल्टा का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस मौके पर सीडीओ डीआर जोशी, एसडीएम देवमूर्ति यादव, डीडीओ एएस गुंज्याल, सीवीओ डा. रमेश नितवाल, कुवंरी देवी, चैता देवी समेत विभिन्न क्षेत्रां से पहुंचे जनप्रतिनिधि व ग्रामीण मौजूद थे।