अमर उजाला ब्यूरो
रुद्रप्रयाग। नगर पालिका रुद्रपयाग में कांग्रेस प्रत्याशी गीता झिक्वांण ने भाजपा प्रत्याशी सरस्वती त्रिवेदी को 563 मतों से पराजित कर जोरदार जीत दर्ज की। निर्दलीय प्रत्याशी सुशीला बिष्ट को मात्र 418 वोट मिले। पालिका क्षेत्र में 20 मतदाताओं ने नोटा का प्रयोग किया। जबकि 95 मत रद्द पाए गए।
अगस्त्यमुनि के क्रीड़ा विभाग के कॉम्पलेक्स में दो चरणों में हुई मतगणना में नगर पालिका रुद्रप्रयाग में कांग्रेस प्रत्याशी को 1912 वोट मिले। जबकि भाजपा प्रत्याशी को 1349 मतों से संतोष करना पड़ा। नगर पंचायत अगस्त्यमुनि में निर्दलीय प्रत्याशी अरुणा बेंजवाल ने 1125 वोट प्राप्त कर कांग्रेस प्रत्याशी राधा देवी को 303 मतों से पराजित किया। कांग्रेस प्रत्याशी को 822 वोट मिले। जबकि भाजपा प्रत्याशी को सिर्फ 469 मत मिले। यहां 31 नोटा और 22 मत रद्द पाए गए। वहीं नगर पंचायत ऊखीमठ में भाजपा के प्रत्याशी विजय सिंह ने 710 मत प्राप्त करते हुए निर्दलीय प्रकाश सिंह को 261 वोट से हराया। प्रकाश सिंह को 449 वोट मिले। यहां चार नोटा और 11 वोट रद्द हुए। इसके अलावा नव गठित नगर पंचायत तिलवाड़ा में निर्दलीय प्रत्याशी संजू जगवाण ने कांग्रेस की रेखा देवी को 161 मतों से पराजित कर अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की। कांग्रेस प्रत्याशी को 358 वोट पड़े। यहां भाजपा प्रत्याशी बीरा देवी को 353 और बसपा प्रत्याशी को 117 वोट मिले। जबकि 6 नोटा और 63 वोट मत यहां रद्द पाए गए।