रुद्रप्रयाग। अब, जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग में होने वाली खून और पीएनडीटी जांच सहित पोस्टमार्टम की रिपोर्ट ऑनलाइन उपलब्ध हो जाएंगी। अस्पताल प्रबंधन ने इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। साथ ही संचालक मंडल समिति ने 18 मदों में दवा, उपकरण व अन्य सामग्री खरीद के लिए सर्वसम्मति से 65 लाख रुपये का बजट भी अनुमोदित कर दिया है।
जिला अस्पताल पैथोलॉजी जांच सहित अल्ट्रासाउंड और अस्पताल में होने वाले पोस्टमार्टम की रिपोर्ट ऑनलाइन जारी की जाएगी। साथ ही ओपीडी पर्चा सहित अन्य जांचों के लिए जाने वाले शुल्क की रशीद को भी ऑनलाइन किया जाएगा। इन रिपोर्ट को ऑनलाइन प्राप्त करने के लिए मरीज या उसके तीमारदार को अपनी आईडी बनानी होगी। सीएमएस डा. डीसी सेमवाल ने बताया कि ऑन लाइन प्रक्रिया की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। अप्रैल प्रथम सप्ताह से यह व्यवस्था विधिवत रूप से शुरू कर दी जाएगी। दूसरी तरफ शनिवार को डीएम मंगेश घिल्डियाल की अध्यक्षता में अस्पताल मंडल समिति की बैठक में अप्रैल 2017 से फरवरी 2018 तक का 65 लाख का बजट 18 मदों में अनुमोदित किया गया। इस मौके पर डीएम ने अस्पताल सहित जनपद के अलग-अलग क्षेत्रों में रक्तदान कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए, जिससे ब्लड बैंक में पर्याप्त रक्त उपलब्ध रहे। बैठक में सरकारी व निजी अस्पतालों के बोयामेडिकल कचरे का उचित निस्तारण पर चर्चा की गई। इस मौके पर सीएमओ डा. सरोज नैथानी को इस संबंध में रिपोर्ट तैयार करने को भी कहा गया। बैठक में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. डीबीएस रावत आदि मौजूद थे।