अगस्त्यमुनि। आठ माह से वेतन भुगतान नहीं होने से नाराज मनरेगा कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। हड़ताल से विकास विभाग के मनरेगा कार्यों पर व्यापक असर पड़ा है। हड़ताली कर्मियों ने मांग पूर्ति तक आंदोलनरत रहने का निर्णय लिया है।
मनरेगा संगठन के जिलाध्यक्ष दिलीप कुमार तिनसोला की अध्यक्षता में हुई कर्मियों की बैठक में वक्ताओं ने कहा कि आठ माह से वेतन नहीं मिलने से वे आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। कहा कि मानदेय को लेकर शासन-प्रशासन को कई बार अवगत कराने के बाद भी कार्रवाई नहीं हो रही है। बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया कि एक सप्ताह में अगर मांग पूर्ति नहीं हुई तो कलक्ट्रेट में अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। मौके पर उत्तम सिंह, राजेंद्र सिंह, मनोज, ताजबर सिंह, ब्रह्मप्रकाश, कुलदीप, कुशाल सिह बिष्ट, दिनेश रावत, मनोज कुमार, गिरीश सेमवाल ने भी संबोधित किया। बैठक में तीनों ब्लाकों में कार्यरत मनरेगा कनिष्ठ अभियंता, उप कार्यक्रम अधिकारी, कंप्यूटर आपरेटर व रोजगार सहायक सहित अन्य कर्मचारी मौजूद थे। संगठन के जिलाध्यक्ष तिनसोला ने बताया कि शुक्रवार से ब्लाक स्तर पर आंदोलन शुरू हो गया है।