ऊखीमठ। पांच सूत्री मांगों को लेकर केदारनाथ लोक निर्माण विभाग ठेकेदार संघ ने सरकार के खिलाफ मसाल जुलूस के साथ जोरदार प्रदर्शन किया। साथ ही तहसील परिसर में ठेकेदारों ने क्रमिक अनशन भी शुरू कर दिया। आंदोलन को कई सामाजिक संगठनों ने भी अपना समर्थन दिया है।
मुख्य बाजार में प्रदर्शन के बाद हुई जन सभा में ठेकेदार संघ के वक्ताओं का कहना था, कि सरकार स्थानीय ठेकेदारों के हितों से खिलवाड़ कर रही है। ई-टेंडरिंग के जरिए बाहरी क्षेत्रों से ठेकेदारों को यहां लाकर स्थानीय ठेकेदारों को बेरोजगार करने पर आमादा है। ब्लाक प्रमुख संतलाल, पूर्व प्रमुख लक्ष्मी प्रसाद भट्ट, प्रधान संगठन अध्यक्ष वीरेंद्र असवाल, व्यापार संघ अध्यक्ष आनंद सिंह रावत व पूर्व सैनिक संगठन के ब्लाक अध्यक्ष महावीर सिंह नेगी ने आंदोलन का समर्थन किया। इसके बाद ठेकेदार मशाल जुलूस के साथ तहसील परिसर पहुंचे और क्रमिक अनशन शुरू कर दिया। इस मौके पर पूर्व विधायक आशा नौटियाल, टैक्सी यूनियन अध्यक्ष प्रकाश रावत, बार एसोसिएसन अध्यक्ष राजेंद्र देव भट्ट मौजूद थे। पहले दिन क्रमिक अनशन पर बैठने वालों में विनोद सिंह रावत, यशवंत सिंह नेगी, जीतपाल सिंह, नेगी, भगत सिंह पंवार एवं शंकर लाल बैठै। इस मौके पर ठेकेदार संघ के संरक्षक कुलदीप कंडारी, अध्यक्ष आंनद सिंह नेगी, सचिव नरेंद्र पंवार, जय सिंह चौहान, सतीश मैठाणी, मनोज पांडे, बंशीधर नौटियाल सहित कई मौजूद थे।