रुद्रप्रयाग। जिले में उच्चीकृत हुए पांच विद्यालयों में शिक्षकों के न पहुंचे से आक्रोशित क्षेत्रवासियों ने सोमवार को पुराने विकास भवन पर धरना दिया। ग्रामीणों ने डीएम से मुलाकात कर पांच नवंबर तक विद्यालयों में शिक्षकों की तैनाती करने की मांग की है, साथ ही कहा कि तैनाती नहीं होने पर वे छह नवंबर से सड़कों पर उतरेंगे।
जिले में उच्चीकृत हुए खांकरा, ग्वैफर, बाईव सुमाडी कमसाल आदि इंटर कालेजों में शिक्षकों की तैनाती को लेकर इन गांवों के ग्रामीणों ने सोमवार को पुराने विकास भवन पर धरना दिया। इस दौरान उन्होंने जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल से मुलाकात कर विद्यालयों में शिक्षकों के नहीं होने से छात्रों की पढ़ाई पर पड़ रहे प्रभाव से अवगत कराया। ग्रामीणों का कहना था कि करीब छह साल पूर्व में उच्चीकृत विद्यालयों में अभी तक प्रवक्ताओं के पद सृजित नहीं हो पाए है, ऐसे में इन विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं का भविष्य भी चौपट हो रहा है। कहा कि यदि पांच नवंबर तक उच्चीकृत विद्यालयों में शिक्षकों की तैनाती नहीं की जाती है तो 6 नवंबर को सभी ग्रामीण जिला मुख्यालय में जोरदार प्रदर्शन करेंगे। धरने में सुलोचना देवी, जिला पंचायत सदस्य योगम्बर नेगी, प्रधान संगठन अध्यक्ष धनराज बंगारी, प्रधान खांकरा प्रदीप मलासी, राय सिंह बिष्ट, जोत सिंह बिष्ट समेत भारी संख्या में लोग मौजूद थे।