तिलवाड़ा। ऑल वेदर रोड परियोजना के तहत रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण में तिलवाड़ा में करीब 150 दुकानें और मकान प्रभावित होंगे। लोनिवि एनएच की ओर से भूमि, मकान/दुकान का मूल्यांकन कर अधिग्रहण का कार्य किया जा रहा है।
ऑल वेदर रोड परियोजना के तहत बाजार क्षेत्र में सड़क 10 मीटर चौड़ी होगी, जबकि बाजार से आगे और पीछे 12 मीटर चौड़ी होगी। बाजार क्षेत्र में ऊपरी तरफ कटिंग कर हाईवे का चौड़ीकरण किया जाएगा, जिससे डेढ़ सौ दुकानें व भवन कटिंग की जद में आ रहे हैं। ऑल वेदर रोड परियोजना के तहत रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे के चौड़ीकरण के तहत पहले चरण में जवाड़ी बाईपास से अगस्त्यमुनि पुलिस थाना तक कार्य होना है। करीब 16.5 किमी पर 112 करोड़ रुपये खर्च होने हैं। सोनप्रयाग तक तीन चरणों में राजमार्ग का चौड़ीकरण किया जाना है। इन दिनों भीरी, चंद्रापुरी, गुप्तकाशी, फाटा व सोनप्रयाग में राजस्व विभाग की मदद से लोनिवि एनएच की ओर से भूमि अधिग्रहण किया जा रहा है। लोनिवि निर्माण खंड एनएन के ईई प्रवीन कुमार का कहना है कि ऑल वेदर रोड परियोजना के तहत रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे के चौड़ीकरण के लिए भूमि अधिग्रहण किया जा रहा है। तिलवाड़ा में करीब 150 दुकानें/मकान प्रभावित होंगे, जिसका मूल्यांकन कर लिया गया है।