रुद्रप्रयाग। ऑल वेदर रोड परियोजना में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सिरोहबगड़ में अलकनंदा नदी पर पपडासू बाईपास के लिए पहले मोटर पुल का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। पुल के दोनों एबेडमेंट के लिए खुदाई की जा रही है। जल्द ही प्रस्तावित दो अन्य पुलों का निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया जाएगा।
जिला मुख्यालय रुद्रप्रयाग से 15 किमी की दूरी पर स्थित सिरोहबगड़ को भूस्खलन जोन से हमेशा के लिए निजात दिलाने के लिए ढाई किमी का सिरोहबगड़-पपडासू बाईपास का निर्माण किया जा रहा है। इस पर सड़क कटिंग लगभग पूरी होने वाली है। इन दिनों पुश्ता व ऊपरी तरफ सुरक्षा दीवार निर्माण जोरों पर चल रहा है। वहीं, कार्यदायी संस्था द्वारा राजमार्ग से बाईपास को लिंक करने के लिए अलकनंदा नदी पर स्वीकृत 182 मीटर स्पान पुल का निर्माण शुरू कर दिया गया है। दोनों एबेंडमेंट की खुदाई तय समय पर हो, इसके लिए पर्याप्त मशीनें लगाई गई हैं। साथ ही एबेडमेंट के लिए सरिया का जाल भी तैयार किया जा रहा है। पुल निर्माण से राजमार्ग पर यातायात किसी प्रकार से प्रभावित नहीं हो, इसके लिए कार्यक्षेत्र के ऊपरी तरफ कार्यदायी संस्था द्वारा लगभग दो सौ मीटर कटिंग कर यातायात संचालन के लिए सड़क बनाई गई है, जिसे राजमार्ग से जोड़ा गया है। इस बाईपास पर दो और मोटर पुलों का निर्माण होना है, जिसमें भुमरागढ़ में 250 मीटर स्पान और चित्रमति गदेरा पर 162 मीटर स्पान का पुल बनना है। मार्च 2020 तक इस बाईपास पर यातायात संचालन का लक्ष्य रखा गया है।
30 अप्रैल से कटिंग होगी बंद
रुद्रप्रयाग। चारधाम विकास परियोजना के तहत रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड राष्ट्रीय राजमार्ग पर आगामी 30 अप्रैल से चौड़ीकरण के तहत कटिंग कार्य बंद कर दिया जाएगा। एनएच के अनुसार केदारनाथ यात्रा को लेकर रुद्रप्रयाग से फाटा तक हाईवे पर तैयार हो चुके 15 किमी हिस्से को हॉटमिक्स कर दिया जाएगा। जबकि गड्ढे वाले स्थानों पर डामर से पैच भर दिए जाएंगे। साथ ही जिन स्थानों पर कीचड़ से दिक्कत हो रही है, वहां पत्थरों का भरान कर यातायात सुलभ किया जाएगा।
इनका कहना है --
सिरोहबगड़-पपडासू बाईपास पर प्रस्तावित तीन पुलों में पहले का निर्माण शुरू हो गया है। शेष दो पुलों का कार्य जल्द शुरू कर दिया जाएगा। एक वर्ष के भीतर पुलों के निर्माण के साथ बाईपास पर यातायात संचालित कर दिया जाएगा।
-- जेके त्रिपाठी, ईई एनएच निर्माण खंड लोनिवि, रुद्रप्रयाग