रुद्रप्रयाग। पर्यटन विभाग की प्रसाद योजना सवालों में आ गई है। डीएम ने जनपद में हो रहे निर्माण कार्यों की धीमी गति और पुनाड़ गदेरे में बन रही पार्किंग की जांच के लिए चार सदस्यीय कमेटी गठित की है, जो एक सप्ताह में अपनी रिपोर्ट देगी। उन्होंने यूपीआरएनएल को पार्किंग व अन्य कार्यस्थलों के प्रवेश द्वार, उत्तराखंड की परंपरागत शैली (तिबारी) में तैयार करने के निर्देश भी दिए।
डीएम मंगेश घिल्डियाल की अध्यक्षता में आयोजित प्रसाद योजना समीक्षा बैठक में जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल ने बताया कि जिला रुद्रप्रयाग को पर्यटन के तौर पर विकसित करने के लिए वर्ष 2016 में केंद्र से जनपद के लिए 3478.48 रुपये स्वीकृति किए गए थे, लेकिन इस स्वीकृत धनराशि से होने वाले कार्य पूरे नहीं हो पाए है। जबकि अभी तक हुए कार्यों में कई खामियां भी पाई गई है। इस पर, डीएम ने कहा कि महत्वपूर्ण योजना में बरती जा रही लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने रुद्रप्रयाग नया बस अड्डा क्षेत्र में पुनाड़ गदेरे पर बन रही पार्किंग निर्माण की जांच के लिए एडीएम गिरीश गुणवंत की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय कमेटी गठित की, जिसमें अधीक्षण अभियंता लोनिवि, अधीक्षक अभियंता विश्वबैंक (लोनिवि) और जिला पर्यटन अधिकारी शामिल हैं। उन्होंने यूपी निर्माण निगम को मानकों के तहत 30 जून तक पार्किंग निर्माण पूरा करने और अगस्त्यमुनि में पार्किंग स्थल पर ओपन थिएटर बनाने को कहा। उन्होंने सभी पार्किंग स्थलों पर सीसीटीवी कैमरा स्थापित करने और खांकरा झील को आकर्षक बनाने के लिए पर्यटन विभाग को जरूरी निर्देश भी दिए। बैठक में प्रभारी अधिकारी मुक्ता मिश्रा, यूपीआरएनएल के एआरई अतुल मलासी, डीपी टोडरिया सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारी व ठेकेदार थे।