रुद्रप्रयाग। अगस्त्यमुनि ब्लाक के बच्छणस्यूं पट्टी के ग्राम पंचायत नवासू में आगामी 19 दिसंबर से होने वाली हरियाली देवी की महाजात की तैयारियां श्रमदान के तहत की जाएंगी। युवक व महिला मंगल दल सहित अन्य ग्रामीणों को अलग-अलग कार्य सौंपे गए हैं।
12 वर्ष बाद हो रहे धार्मिक आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति ने सहयोग की अपील की है। गांव से लेकर मंदिर तक करीब डेढ़ किमी पैदल मार्ग पर उगी झाड़ियों का कटान की जिम्मेदारी जहां महिला मंगल दल को सौंपी गई है। वहीं, बरसात से मार्ग को पहुंची क्षति को सुधार का कार्य युवाओं व अन्य ग्रामीणों द्वारा किया जाएगा। आराध्य देवी मां हरियाली देवी की महाजात को लेकर गांव में उत्साह बना हुआ है। आयोजन समिति के महामंत्री धीरेंद्र सिंह रौथाण ने बताया कि तैयारियों के तहत कार्यों की शुरूआत को लेकर जल्द एक बैठक आहुत की जाएगी। बताया कि प्रवासी ग्रामीणों और ध्याणियों को महाजात में शामिल होने के लिए निमंत्रण भेजे जा रहे हैं। मां हरियाली देवी की इस जात में नवासू, मोल्ठा, सारगड्डी, मटुला, खिंगासारी, डांडरा के ग्रामीण शामिल होंगे। नौ दिवसीय जात में आयोजन समिति द्वारा निकटवर्ती ग्राम पंचायतों को अतिथि के रूप में आमंत्रित भी किया जाएगा।