रुद्रप्रयाग। सरकार! कब बणली दैजीमांडा-पौड़ीखाल सड़क, आंखी तरसी ग्येन.. जीवन का 80 बसंत उकली बाटा चलदी बीती ग्येन...ये शब्द बच्छणस्यूं पट्टी के चाम्यूं गांव के वयोवृद्ध आलम सिंह चौहान के हैं, जो गांव में एकमात्र बुजुर्ग हैं।
वर्ष 2004 में अगस्त्यमुनि ब्लाक के गांवों को यातायात से जोड़ने के लिए ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर खांकरा के समीप दैजीमांडा से पौड़ीखाल के लिए पांच किमी सड़क स्वीकृत की गई थी। तब निर्माण के लिए 72 लाख जारी किए गए। बमुश्किल 2016 में लोनिवि द्वारा सड़क का कार्य शुरू किया गया, लेकिन 72 लाख में सिर्फ 1.650 किमी कटिंग हो पाई। बीते एक वर्ष से सड़क का काम ठप पड़ा है। प्रधान बंटी लाल, पुष्कर बिष्ट, बीएस रावत, बीपीएस चौधरी, डीएस भंडारी आदि का कहना है कि तीन दशक से मोटर मार्ग निर्माण की मांग हो रही है। इधर, लोनिवि के ईई इंद्रजीत बोस ने बताया कि जितनी राशि वर्ष 2004 में मार्ग निर्माण के लिए स्वीकृत हुई थी, उसके सापेक्ष कार्य पूरा हो चुका है। शेष सवा तीन किमी मार्ग निर्माण के लिए वित्तीय प्रस्ताव शासन को भेजा गया है, जिसकी स्वीकृति जल्द मिल जाएगी।
रुद्रप्रयाग-तूना व खेड़ीखाल सड़क हुई खस्ताहाल
रुद्रप्रयाग। बर्सू, घंडियाल्का व तूना के विभिन्न गांवों को जोड़ने वाला रुद्रप्रयाग-तूना-बौंठा व ग्वाड़-खेड़ीखाल मोटर मार्ग हादसों को न्योता दे रहे हैं। कार्यदायी संस्था द्वारा यहां क्रैश बैरियर भी नहीं लगाए गए हैं। वहीं ग्वाड़-खेड़ीखाल संपर्क मार्ग भी बदहाल है। पीएमजीएसवाई के ईई आरसी उनियाल ने बताया कि रुद्रप्रयाग-बौंठा-तूना मार्ग के चौड़ीकरण व सुधारीकरण के लिए प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है, जबकि लोनिवि के ईई इंद्रजीत बोस ने बताया कि जल्द ही मार्ग का निर्माण पूरा किया जाएगा।
कुसुमगाड़-ओरिंग मार्ग का काम शुरू
अगस्त्यमुनि। विकासखंड का ओरिंग गांव जल्द मोटर मार्ग से जुड़ जाएगा। गांव के लिए स्वीकृत दो किमी कुसुमगाड़-ओरिंग मार्ग का लोनिवि ने निर्माण शुरू कर दिया है। चार माह में सड़क बनकर तैयार हो जाएगा। प्रधान सुमित्रा देवी ने भूमि पूजन के बाद कुसुमगाड़-ओरिंग संपर्क मार्ग का निर्माण शुरू किया गया। प्रधान ने कहा कि समस्त ग्रामीणों के एकजुट संघर्ष से सड़क का निर्माण शुरू हुआ है। लोनिवि ऊखीमठ डिवीजन के अवर अभियंता अरुण मनोड़ी ने बताया कि भीरी-सुरसाल मोटर मार्ग के बडियारी बैंड से कुसुमगाड़-ओरिंग संपर्क मार्ग की कटिंग शुरू कर दी गई है। इस मौके पर सते सिंह रावत, जयपाल सिंह नेगी, गबर सिंह नेगी, रघुवीर सिंह नेगी, राकेश सिंह, नारायण सिंह नेगी, जयवीर सिंह, बुद्धि सिंह, रवींद्र सिंह, महेंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह, पुष्पा देवी, शिवचरण सिंह, संगीता देवी, राजेश्वरी देवी मौजूद थे।