रुद्रप्रयाग। अगस्त्यमुनि ब्लाक के तल्लानागपुर का प्राथमिक विद्यालय मदोला पांच वर्ष से एकल शिक्षक के भरोसे चल रहा है। वर्तमान सत्र में यहां 33 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं।
ग्राम प्रधान बीरेंद्र सिंह नेगी, पूर्व प्रधान बीरा देवी, एसएमसी अध्यक्ष गुड्डी देवी, सुभद्रा देवी रेखा देवी आदि का कहना है कि गांव का प्राथमिक विद्यालय एकल शिक्षक के भरोसे चल रहा है। बताया कि खंड शिक्षाधिकारी, उप शिक्षाधिकारी से लेकर जिलाधिकारी व मुख्यमंत्री को स्थिति से अवगत करा चुके हैं, लेकिन सुध नहीं ली जा रही है। जिला शिक्षाधिकारी बेसिक डॉ. विद्याशंकर चतुर्वेदी ने बताया कि नए सत्र में एकल शिक्षक वाले स्कूलों में प्राथमिकता से अतिरिक्त शिक्षक तैनात करने का प्रयास किया जाएगा।