रुद्रप्रयाग। जनपदवासियों को अब बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। जिला अस्पताल सहित यात्रा मार्ग व ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित स्वास्थ्य केंद्रों में 13 चिकित्सकों की स्थायी तैनाती के आदेश जारी हो गए हैं। सभी चिकित्सक 25 अप्रैल तक अपने-अपने कार्यस्थलों में पहुंचकर कार्यभार संभाल लेंगे। यह पहला मौका है, जब इतनी संख्या में जनपद के सरकारी अस्पतालों में चिकित्सकों की तैनाती हुई है।
29 अप्रैल से शुरू हो रही केदारनाथ यात्रा से पूर्व सरकारी अस्पतालों में डाक्टरों की तैनाती सुखद है। शासन से जारी 421 चिकित्सकों की सूची में जनपद रुद्रप्रयाग में 13 डाक्टर भेजे गए हैं। इनमें 2 विशेषज्ञ चिकित्सकों सहित 6 चिकित्सक जिला अस्पताल और एक-एक जूनियर डाक्टर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ सहित अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र फाटा, खेड़ाखाल, धनपुर, चोपड़ा, दिग्धार, और घेंघड़खाल में तैनात होंगे। सीएमओ डा. सरोज नैथानी ने बताया कि चिकित्सकों की तैनाती से यात्रा मार्ग सहित ग्रामीण क्षेत्र के स्वास्थ्य केंद्रों में जरूरतमंदों को समय पर उपचार मिल जाएगा। सभी केंद्रों पर प्राथमिक उपचार से संबंधित उपकरण व अन्य संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इधर, सीएमएस डा. डीसी उनियाल ने बताया कि एमडी पैथोलॉजी और नेत्र रोग विशेषज्ञ सहित अन्य चिकित्सकों की तैनाती से अब, अस्पताल पहुंचने वाले घायल या बीमार मरीजों को रेफर करने की संभावनाएं काफी कम होंगी। जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर करने के प्रयास किए जा रहे हैं।