रुद्रप्रयाग। मुख्य सचिव उत्पल कुमार ने ड्रोन कैमरे की मदद से सचिवालय से 25 मिनट तक केदारनाथ में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मंदिर मार्ग व परिसर से लेकर मंदाकिनी व सरस्वती नदी किनारे हो रहे कार्यों के बारे में जानकारी भी ली। उन्होंने 28 फरवरी को प्रधानमंत्री द्वारा ड्रोन कैमरे से कार्यों के निरीक्षण के दौरान पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए।
बृहस्पतिवार को दोपहर में मुख्य सचिव ने ड्रोन कैमरे से केदारनाथ के पुनर्निर्माण कार्यों का विस्तृत जायजा लिया। सबसे पहले उन्होंने संगम से मंदिर तक पैदल मार्ग और परिसर के चौड़ीकरण को देखा। इसके बाद मंदाकिनी नदी पर सिंचाई विभाग की ओर से किए जा रहे बाढ़ सुरक्षा कार्यों का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने सरस्वती नदी पर नेहरू पर्वतारोहण संस्थान की ओर से घाट व बाढ़ सुरक्षा दीवार के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं के मुखियाओं को गुणवत्ता के साथ समय पर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल से बातचीत करते हुए आगामी 28 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पीएमओ कार्यालय से ड्रोन कैमरे से केदारनाथ के पुनर्निर्माण कार्यों के लाइव निरीक्षण की तैयारियों की जानकारी मांगी। उन्होंने कहा कि पूरी सावधानी के साथ कार्यों का निरीक्षण कराया जाए। इधर, डीएम ने बताया कि इसके तहत सभी तैयारियां लगभग पूरी कर दी गई है।