रुद्रप्रयाग। केदारनाथ रि-डेवलपमेंट के तहत संगम से मंदिर तक 50 फीट चौड़े किए जा रहे मार्ग को राजस्थान के कारीगर संवारेंगे। इस मार्ग पर कटवा पत्थर बिछाया जाएगा, जो क्षेत्र में ही तैयार किया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट में शामिल केदारनाथ धाम में रि-डेवलपमेंट के तहत 250 मीटर मंदिर मार्ग को प्राथमिकता से चौड़ा किया जा रहा है। 50 फीट चौड़े इस मार्ग के मध्य में डिवाडर भी लगाए जाएंगे। इन दिनों लोक निर्माण विभाग की ओर से चौड़ीकरण कार्य किया जा रहा है। साथ मलबे का निस्तारण भी किया जा रहा है। सहायक अभियंता हीरा सिंह नेगी ने बताया कि चौड़ीकरण कार्य 85 फीसदी पूरा कर दिया गया है। मलबे का उचित निस्तारण किया जा रहा है। इधर, जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने बताया कि रास्ते पर कटवा पत्थर बिछाया जाएगा। इस कार्य के लिए राजस्थान से करीब दो सौ मिस्त्री बुलाए जाएंगे।