रुद्रपुर में अंतर महाविद्यालयी पुरुष वर्ग क्रिकेट प्रतियोगिता 2019 के तहत सोमवार को दो क्वार्टर फाइनल मुकाबलों का आयोजन हुआ। पहले मैच में हल्द्वानी एमबी पीजी कॉलेज की टीम ने चंपावत डिग्री कॉलेज की टीम को दो विकेट हराया। जबकि दूसरे मैच में रानीखेत डिग्री कॉलेज की टीम ने द्वाराहाट की टीम को आठ विकेट से पराजित किया।
एसबीएसी पीजी कॉलेज रुद्रपुर में मैदान में आयोजित क्रिकेट मैच में चंपावत की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। टीम ने 18 ओवर में 81 रनों का स्कोर बनाया। चंपावत के लिए सर्वाधिक 21 रन नितिन ने बनाए। हल्द्वानी के गेंदबाज मनीष ने तीन ओवर में सर्वाधिक चार विकेट प्राप्त किए। हल्द्वानी पीजी कॉलेज की टीम ने दो विकेट से मैच जीत लिया। दूसरा मैच रानीखेत डिग्री कॉलेज व द्वाराहाट की टीम के बीच खेला गया। द्वाराहाट की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कुल 69 रन बनाए। रानीखेत की टीम ने यह मैच आठ विकेट से जीत लिया। इस दौरान क्रीड़ा प्रभारी राजेश कुमार, क्रिकेट कोच राजेंद्र कुमार, क्रिकेट कोच नवनीत राव, एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. मनीषा तिवारी, लोकेश पांडेय, मनोज जोशी, शैलेंद्र सिंह, डॉ. रवीश त्रिपाठी, प्रवेंद्र उपाध्याय, मदन सिंह, चंद्र प्रकाश मौजूद रहे।