गढ़वाल। पहाड़ में सोमवार को मौसम का मिजाज बिगड़ा रहा। केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री सहित ऊंचाई वाले इलाकों में दोपहर बाद से शुरू हुई बर्फबारी देर शाम तक जारी रही।
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ में दिन चढ़ने के साथ ही मौसम का मिजाज बिगड़ता रहा और दोपहर 12 बजे के बाद बर्फबारी शुरू हो गई। इस दौरान आठ इंच से अधिक बर्फ जम गई थी। इससे पूर्व बीते रविवार को भी यहां रात में बर्फबारी हुई थी। केदारनाथ धाम में अब 12 फीट से अधिक बर्फ जमा हो गई है। उधर, द्वितीय केदार मद्महेश्वर और तृतीय केदार तुंगनाथ धाम सहित कालीशिला, चौमासी, तोषी, रांसी, त्रियुगीनारायण के ऊपरी क्षेत्रों में हिमपात हुआ है।
गोपेश्वर। चमोली जिले में सोमवार को बर्फबारी, बारिश और ओलावृष्टि से ठंड लौट आई है। बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी, घांघरिया, गौरसों बुग्याल, औली, रुद्रनाथ, लाल माटी, पनार, नंदा घुंघटी, नीती और माणा घाटी में बर्फबारी हुई, जबकि निचले क्षेत्रों में बारिश हुई। गोपेश्वर में करीब पंद्रह मिनट तक ओलावृष्टि भी हुई। बारिश और बर्फबारी से बदरीनाथ हाईवे पर ऑलवेदर रोड और बर्फ हटाने का काम भी प्रभावित हुआ। बर्फबारी के कारण दोपहर बारह बजे ही सीमा सड़क संगठन को बर्फ हटाने का काम बंद करना पड़ा।