रुद्रप्रयाग/तिलवाड़ा। भेषज विकास इकाई रुद्रप्रयाग और जिला भेषज सहकारी विकास संघ ने लौंगा गांव में 40 किसानों को जड़ी-बूटी कृषिकरण के लिए बड़ी इलायची की सात हजार से अधिक पौध बांटी।
गांव में आयोजित कार्यक्रम में बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य वाचस्पति सेमवाल ने कहा कि भेजष विकास इकाई की ओर से छह माह पूर्व में लौंगा के ग्रामीणों को जड़ी बूटी का प्रशिक्षण दिया गया था। अब गांव के 40 किसानों को इलायची के 7440 पौध निशुल्क दिए गए हैं। किसान गांव की बंजर पड़ी भूमि पर जड़ी-बूटी का कृषिकरण करेंगे। कार्यक्रम में भेषज विकास इकाई के जिला समन्वयक संजय कुमार, जड़ी बूटी पर्यवेक्षक प्रमोद कुमार यादव, संदीप कठैत और भगवान सिंह रावत आदि मौजूद थे।
दूसरी तरफ हरेला कार्यक्रम के तहत वन विभाग ने शिवानंदी में दो सौ से अधिक फलदार पौधे रोपे। रुद्रप्रयाग वन प्रभाग की रेंजर आलोकी के नेतृत्व में प्राथमिक विद्यालय शिवानंदी में स्कूली बच्चों, ग्रामीणों व वन कर्मियों ने पौधे लगाए। इस मौके पर वन सरपंच डीपी थपलियाल, एसपी गैरोला, प्रधानाध्यापिका विमला आर्य और रवींद्र रावत आदि मौजूद थे।