रुद्रप्रयाग। जनपद के पांच राजकीय इंटर कालेज में ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों को आपदा प्रबंधन, खोज बचाव और प्राथमिक उपचार की जानकारी दी गई। साथ ही मॉक ड्रिल, प्रोजेक्टर फिल्म एवं प्रयोगात्मक विधियों से राहत व बचाव के बारे में भी बताया गया।
आपदा प्रबंधन जन- जागरूकता अभियान के तहत जनपद में आपदा प्रबंधन, खोज बचाव का की जानकारी गई। जन विकास संस्था चिरबटिया द्वारा जीआईसी मयाली, हिमालयन पर्वतीय विकास समिति गजा द्वारा कांडा-भरदार, सोसायटी ऑफ एजूकेशन एंड रुरल डेवलपमेंट द्वारा मनसुना, जनमैत्री कल्पघाटी युवा समिति द्वारा जीआईसी खांकरा और रुद्रा रिसर्च एवं डेवलपमेंट द्वारा नगरासू में स्कूली बच्चों, महिला एवं युवक मंगल दल के सदस्यों ने प्रशिक्षण लिया। प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षणार्थियों को विषम परिस्थितियों में बचाव के लिए तकनीकी उपकरणों का उपयोग, गांठों को बांधना, जुमरिंग, रेपलिंग, सी-पुली, जेट पुली बांधना भी सिखाया गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी हरीश चंद्र शर्मा ने बताया कि अगर, कहीं आपदा की स्थिति पैदा हुई तो जिला मुख्यालय से टीम के मौके पर पहुंचने तक यह प्रशिक्षणार्थी मदद करेंगे।