तिलवाड़ा। उत्तराखंड पर्वतीय आजीविका संवर्द्धन कंपनी (उपासक) की ओर से जखोली ब्लाक के सौराखाल में वित्तीय साक्षरता प्रशिक्षण का आयोजन हुआ। प्रशिक्षण में महिला स्वयं सहायता समूहों को वित्तीय प्रबंधन की जानकारी दी गई।
भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान की ओर से आयोजित वित्तीय साक्षरता प्रशिक्षण में निदेशक दिनेश सिंह नेगी ने वित्तीय साक्षरता के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने संस्थान की योजनाओं के बारे में जानकारियां दीं। उपासक के ग्रामीण वित्त समन्वयक नंद किशोर थपलियाल ने महिलाओं को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा, फसल सुरक्षा बीमा के अलावा समूह का खाता खोलना समेत अन्य आर्थिक गतिविधियां और बैंकिंग योजनाओं के बारे में जानकारी दी। इसके अलावा कंडारा गांव में भी वित्तीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस मौके पर आजीविका के सहायक प्रबंधक विवेक बर्तवाल, एसबीआई प्रबंधक सुधीर तोमर, सतीश भट्ट, रघुवीर सिंह, अमित, अरुणा देवी, विक्रम, भूपेंद्र, सविता, मायावती समेत विभिन्न स्वयं सहायता समूह की महिला प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।