अगस्त्यमुनि। गिवाला गांव के जंगल में आग लगने से कई हेक्टेयर बांज का जंगल जलकर राख हो गया। वहीं केदारघाटी और जखोली ब्लाक के कई जंगल तीन दिन से आग की चपेट में हैं।
बृहस्पतिवार को अगस्त्यमुनि क्षेत्र से सटे गिंवाला गांव के जंगल में सुबह आग लग गई। जंगलों में बांज के पेड़ों के बीच चीड़ के पेड़ भी हैं, जिससे आग की लपटे और भी तेजी से जंगल में फैल गईं और पूरा बांज का जंगल जलकर राख हो गया। इसके अलावा क्षेत्र के भौंसाल, दानकोट, चौकी, बर्सिल व जखोली ब्लाक के डंगवाल गांव के जंगल तीन दिनों से धधक रहे हैं। जंगलों में आग लगने से पूरी घाटी धुएं से पट गई। वन पंचायत सरपंच यशपाल सिंह रावत, ग्राम प्रधान सुषमा देवी, कुंवर सिंह भंडारी, गीताराम मलासी आदि का कहना है कि वन विभाग की लापरवाही के चलते जंगल जल रहे है। समय रहते वन विभाग ने तैयारियां पूरी नहीं की, जिससे आए दिन जंगलों में आग लग रही है।