रुद्रप्रयाग (ब्यूरो)। बरसात से ऋषिकेश-बदरीनाथ व रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड राष्ट्रीय राजमार्ग सहित जिले के 63 संपर्क मार्ग संवेदनशील हो गए हैं। जगह-जगह पर भूस्खलन व भू-धंसाव के साथ ही बरसाती नालों के उफान से यातायात प्रभावित हो रहा है। जिले में अब भी 19 संपर्क मोटर मार्ग बंद पड़े हैं।
बदरीनाथ हाईवे सिरोहबगड़ व शिवानंदी में जहां परेशानी का सबब बना हुआ है। वहीं, रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड राजमार्ग खाट गांव के नीचे और मुनकटिया में भूस्खलन से बार-बार बंद हो रहा है। हालांकि एनएच की ओर से मशीनों की मदद से यहां पर मलबा सफाई कर यातायात सुचारु किया जा रहा है। इधर, बीते दो दिन की बरसात से जिले के 63 संपर्क मोटर मार्ग भी संवेदनशील हो गए हैं। अगस्त्यमुनि ब्लाक के पट्टी बच्छणस्यूं की लाइफ लाइन खांकरा-खेड़ाखाल और कांडई-कमोल्ड़ी-बरसूड़ी मोटर मार्ग कई जगहों पर बदहाल हो गई हैं। यहां बड़े वाहनों की आवाजाही ठप है। छोटे वाहन बमुश्किल से संचालित हो रहे हैं। टैठी-पाटा मोटर मार्ग की स्थिति भी दयनीय है। रैंतोली-जसोली मार्ग के बंद होने से धनपुर पट्टी के पीड़ा, पाबौ गांव का तहसील व जिला मुख्यालय से संपर्क कट गया है। ग्रामीणों को रुद्रप्रयाग पहुंचने के लिए कम से कम नौ किमी पैदल नापड़ा पड़ रहा है।
..........
जिले में बंद संपर्क मोटर मार्ग
चौकी-बर्सिल, मयाली-रणधार, तिमली-किरोड़ा, छेनागाड़-बक्सीर, रैंतोली-जसोली, तलपदेंरा-क्वीलाखाल, आश्रम-घरड़ा-मखेत, सिराई-नदंवाण, मोहनखाल-क्यूंजा, सणगू-सारी, एक्सटेंशन जुगासू-रांसी-तलसारी, मनसूना-जुगासू, ऊखीमठ-किमाणा-करोखी, ऊखीमठ-मनसूना, बेडूबगड़-भौंसाल, गोरपा-सिरवाड़ी, छेनागाड़-उछोला।