थ्रीडी विनय बहुगुणा
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ पुनर्निर्माण के तहत मंदिर और केदारपुरी की सुरक्षा के लिए बनाई गई 350 मीटर लंबी आरसीसी दीवार पर भगवान शिव के विभिन्न रूपों को श्रद्धालु थ्रीडी पेंटिंग के माध्यम से देख सकेंगे। इस दीवार पर केदारनाथ आपदा में हुई तबाही के साथ ही पुनर्निर्माण की कहानी भी उकेरी जाएगी। अगस्त माह तक सभी पेंटिंग आरसीसी दीवार पर स्थापित किए जाने की उम्मीद है।
16/17 जून 2013 की आपदा के बाद से केदारनाथ धाम पुनर्निर्माण के दौर से गुजर रहा है। धाम की सुरक्षा के लिए निम की ओर से जहां मजबूत दीवारें बनाई गई हैं। वहीं, ये दीवारें अब बाबा के दर्शनों को धाम आने वाले श्रद्धालुओं का आकर्षण का केंद्र भी बनेेगी। मंदिर से दो सौ मीटर पीछे त्रिस्तरीय दीवार के रूप में निर्मित 350 मीटर लंबी व 6 मीटर ऊंची आरसीसी दीवार पर भगवान आशुतोष के विभिन्न रूपों को संजोए पेंटिंग थ्रीडी डिजायन में लगाई जाएंगी। अगले सप्ताह तक नेहरू पर्वतारोहण संस्थान को 20 डिजायन प्राप्त हो जाएंगे, जिन्हें जल्द दीवार पर लोहे के फ्रेम के साथ स्थापित किया जाएगा। खास बात यह है कि ये पेंटिंग जहां दिन के उजाले में चमचमाती नजर आएंगी। वहीं, रात को भी विशेष रेडियम की मदद से आकर्षित करेंगी। भगवान शिव के अर्द्घनारेश्वर स्वरूप के साथ ही अन्य पेंटिंग पर हिंदी व अंग्रेजी में भगवान शिव की आरती, शिव महिमा के साथ ही केदारनाथ के बारे में जानकारी लिखी जाएगी। निम की ओर से दिल्ली के आरकेटेक्चर अक्षत जोशी से आरसीसी दीवार के लिए अलग-अलग डिजायन, जिसमें सबसे अधिक भगवान शिव से संबंधित हैं, थ्रीडी पेटिंग तैयार कराई जा रही हैं। पूरी दीवार पर सवा सौ से अधिक पेंटिंग लगाई जाएंगी।
..............
केदारनाथ पुनर्निर्माण के तहत निर्मित आरसीसी सुरक्षा दीवार पर थ्रीडी पेंटिंग लगाई जानी हैं। 20 डिजायन इस हफ्ते तक उपलब्ध हो जाएंगी। प्रयास रहेगा कि 15 अगस्त तक सभी पेंटिंग पूरी दीवार पर फ्रेम के साथ स्थापित कर दी जाए।
-- मनोज सेमवाल, प्रभारी नेहरू पर्वतारोहण संस्थान, सोनप्रयाग