रुद्रपुर में दसवीं जिला क्रिकेट लीग के फाइनल में रुद्रपुर इलेवन ने डीसीए क्रिकेट अकादमी को तीन विकेट से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया। जिला क्रिकेट एसोसिएशन ऊधमसिंह नगर की ओर से विजेता टीम को 30 हजार और उपविजेता टीम को 29 हजार रुपये देकर सम्मानित किया गया।
बृहस्पतिवार को स्टेडियम में हुए फाइनल में डीसीए ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का निर्णय लिया। रुद्रपुर इलेवन के नीरज की गेंदबाजी के सामने डीसीए की टीम 26 ओवरों में 79 रन ही बना सकी। नीरज ने आठ ओवर में 15 रन देकर चार विकेट लिए। साथ ही एक खिलाड़ी को रन आउट भी किया। रुद्रपुर इलेवन की टीम ने 19 ओवर में ही जीत हासिल कर ली। पंकज ने सर्वाधिक 35 रन बनाये। हालांकि, अंडर-19 कूच बिहार ट्रॉफी खेल चुके मो. फैद ने डीसीए के लिए 10 ओवर में 23 रन देकर पांच विकेट लिए। रुद्रपुर इलेवन के पंकज को मैन ऑफ द मैच चुना गया। डीसीए के जतिन कुमार को बेस्ट बल्लेबाज, डीसीए के सत्येंद्र मिश्रा को बेस्ट विकेटकीपर, राय सिंह को बेस्ट प्लेयर और डीपीएस क्रिकेट एकेडमी के अभय नारायण को बेस्ट गेंदबाज का खिताब दिया गया। वहां पर मुख्य अतिथि जे.बी सिंह, विशिष्ट अतिथि चौधरी योगेंद्र सिंह, कुमाऊं विश्वविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी डॉ. नागेंद्र शर्मा, गिरीश पाठक, रोशन अरोरा, कोच शैलेंद्र सिंह, कोच राजेंद्र कुमार, केएस बिष्ट, सुशील राणा, बलविंदर सिंह, पवन सहगल, राजकुमार श्रीधर, नवनीत राव, भुपेश दुम्का मौजूद रहे।